फतेहपुर में शिक्षिका की संदिग्ध मौत, पानी के टब में मिला शव; पति हिरासत में
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। सदर कोतवाली क्षेत्र के नासेपीर मोहल्ले में शनिवार सुबह एक प्राइवेट शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। 28 वर्षीय शालिनी यादव का शव घर के अंदर पानी के टब में मुंह के बल पड़ा मिला। मृतका के सिर और पैर पर चोट के निशान मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को हत्या मानकर जांच कर रही है। मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एक निजी विद्यालय में शिक्षिका थीं मृतका
जानकारी के मुताबिक, दिलीप यादव करीब छह महीने से नासेपीर मोहल्ले में किराए के मकान में पत्नी और आठ वर्षीय बेटे के साथ रह रहे थे। पति सरकारी शिक्षक हैं, जबकि मृतका एक निजी विद्यालय में शिक्षिका थीं। दोनों की शादी वर्ष 2018 में हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को मौत की सूचना मिली। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पति ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे टहलने के लिए घर से निकला था। करीब साढ़े छह बजे वापस लौटा तो पत्नी पानी के टब में मुंह के बल पड़ी थी। इसके बाद वह उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर मृतका के सिर और पैर पर चोट के निशान पाए गए। इन चोटों ने पानी में डूबने से मौत होने की पति की बताई कहानी पर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया।
तहरीर मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
सीओ सिटी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही पत्नी की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः सुलतानपुर में शाकिब हत्याकांड का खुलासा, जमीन के लालच में हत्या का आरोप; चार गिरफ्तार