फरीदाबाद में दिनदहाड़े महिला टीचर की चाकुओं से गोदकर हत्या, पुलिस चौकी के पास वारदात से मचा हड़कंप
फरीदाबाद (हरियाणा): फरीदाबाद के गांव सिकरौना में पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर दिनदहाड़े एक महिला टीचर की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
स्कूल पहुंचते ही महिला टीचर पर हमला
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है, जो गांव सिकरौना के एक निजी स्कूल में टीचर के तौर पर काम करती थीं। बताया जा रहा है कि संध्या रोज की तरह स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर स्कूल पहुंचा और टीचर से मिलने की बात कही।
गेट पर बुलाकर गर्दन पर किए चाकू से वार
जैसे ही संध्या आरोपी से मिलने के लिए स्कूल के गेट पर पहुंचीं, युवक ने अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने चाकू से उनकी गर्दन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमले के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और शोर सुनकर स्कूल संचालक मौके पर पहुंचे।
बचाने आए स्कूल संचालक पर भी किया हमला
स्कूल संचालक ने जब महिला टीचर को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उनकी ओर भी चाकू लेकर दौड़ लगा दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल महिला को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गांव सिकरौना चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि महिला की मौत हो चुकी है और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।