गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में ईद के मौके पर

ईद के दिन युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

Teen Dies After Brutal Stabbing on Eid in Ghaziabad Khoda

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में ईद के मौके पर हुए जानलेवा चाकू हमले में घायल युवक की नोएडा के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और परिजनों तथा स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

खोड़ा निवासी 17 वर्षीय सूर्या चौहान के रूप में हुई मृतक की पहचान

बता दें कि मृतक युवक की पहचान नवनीत विहार खोड़ा निवासी 17 वर्षीय सूर्या चौहान के रूप में हुई है। परिजनों की तहरीर के मुताबिक घटना शुक्रवार शाम करीब 3:30 बजे की है। बताया गया कि सूर्या चौधरी स्कूल के पास गली में खड़ा था तभी असद, नवाब, फरहान, आतिफ, सारिक समेत अन्य युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने सूर्या को पकड़ लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।

फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत

घटना के दौरान शोर सुनकर मृतक का भाई यश चौहान और उसकी मां मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि हमलावर सूर्या को गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। घायल युवक को तुरंत नोएडा सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुराने विवाद के कारण आरोपियों ने की युवक की हत्या

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। उल्लेखनीय है कि मृतक युवक और हत्या करने वाले युवक पहले से जानकार और मित्र है। दोनों के बीच कुछ माह पूर्व झगड़ा हुआ था। आरोप है कि उसी झगड़े का बदला लेने के लिए पहले फोन कर युवक को बुलाया गया और फिर एक बड़े चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी गई। ऐसे में घटना को लेकर स्थानीय लोगों और विभिन्न हिंदू संगठनों में भारी रोष है।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर खोड़ा नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष रीना भाटी भी मौजूद रहीं। हिंदू संगठन से जुड़े लोगो की मांग है कि खोड़ा में युवक की हत्या में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और गिरफ्तारी के साथ ही उनके घरों पर बुलडोजर की कार्यवाही होनी चाहिए।

कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

वहीं, इस पूरे मामले में एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

वहीं मृतक के साथ मौजूद चश्मदीद युवकों के अनुसार घटना से पहले कुछ लड़कों ने सूर्या को बुलाया और कथित तौर पर उससे कहा कि "क्या तुमने कभी बकरा हलाल होते देखा है।?" इसके बाद युवक पर चाकुओं से हमला कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें: राजस्थान में ₹50 लाख की नकबजनी का खुलासा, जिम ट्रेनर निकला मुख्य आरोपी