उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू क्षेत्र के पिं

भैंसों को बचाने तालाब में कूदा 16 वर्षीय अनमोल, गहरे पानी में डूबने से मौत

Teen Dies Saving Buffaloes from Pond

बांदा {उत्तर प्रदेश}: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू क्षेत्र के पिंडारन गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। 16 वर्षीय अनमोल मवेशियों को चराकर घर लौट रहा था, तभी भैंसों को बचाने के लिए वह तालाब में उतर गया और गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।

भैंसों को बचाने के लिए तालाब में कूदा अनमोल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के पास स्थित भाऊ तालाब में कुछ भैंसें गहरे पानी में चली गई थीं। उन्हें बाहर निकालने के लिए अनमोल ने अपनी जान की परवाह किए बिना तालाब में छलांग लगा दी। कुछ ही देर में वह खुद गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं आ सका।

ग्रामीणों ने एक घंटे तक की तलाश

तालाब किनारे खेल रहे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तुरंत अनमोल की तलाश शुरू की और करीब एक घंटे तक तालाब में खोजबीन की। कड़ी मशक्कत के बाद अनमोल को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां की चीख ने सभी को कर दिया भावुक

हादसे के बाद सबसे दर्दनाक दृश्य उस समय सामने आया, जब अनमोल की मां संपत देवी अपने बेटे को याद कर बिलख पड़ीं। उन्होंने रोते हुए कहा, "मैंने उसे खेत चलने के लिए कहा था... क्या पता था कि यह आखिरी बार उसे देख रही हूं..." यह कहते ही वह बेसुध हो गईं। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था अनमोल

अनमोल चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अनमोल ने मवेशियों को बचाने की कोशिश में अपनी जान गंवा दी। थानाध्यक्ष सूबेदार सिंह बिंद ने बताया कि युवक की मौत तालाब में डूबने से हुई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े: तेज रफ्तार हाईवा ने 13 वर्षीय छात्रा को रौंदा, हालत गंभीर; ग्रामीणों का फूटा गुस्सा