जन्मदिन के 24 घंटे भी नहीं बीते, किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान; परिवार में मचा कोहराम
बांदा {उत्तर प्रदेश}: जिस घर में एक दिन पहले बेटी के जन्मदिन की खुशियां मनाई गई थीं, वहां अगले ही दिन मातम पसर गया। 15 वर्षीय कंचन की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। रविवार को किशोरी ने घर के अंदर कमरे में फांसी लगा ली। परिजन उसे आनन-फानन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पैलानी थाना क्षेत्र के हरबंस पुरवा मजरा सिंधन कला निवासी सियाराम गुप्ता की बेटी कंचन कक्षा 11 की छात्रा थी और पैलानी जीआईसी इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। परिजनों के अनुसार शनिवार यानी 22 अगस्त को ही कंचन का जन्मदिन मां, बहन और अन्य परिजनों ने मिलकर मनाया था। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन अगले ही दिन परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मां कमरे में पहुंचीं तो उड़ गए होश
परिजनों ने बताया कि रविवार को घर में घरेलू बात को लेकर कंचन की मां और बहन से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद कंचन नाराज होकर कमरे में चली गई। दोपहर करीब 12 बजे मां सुनीता जानवर चराने के लिए ले जाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान वह कमरे के अंदर पहुंचीं तो बेटी को फांसी पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। किशोरी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता बेंगलुरु में, भाई सूरत में
सियाराम ने बताया कि वह इस समय बेंगलुरु में हैं, जबकि उनका बेटा सूरत में रहता है। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही दोनों घर लौट रहे हैं। कंचन की अचानक मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राममोहन राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राममोहन राय ने बताया कि किशोरी के फांसी लगाने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: सायरा बानो ने दिलीप कुमार को किया याद, बोलीं- 12 साल की उम्र से ही उन पर बुरी तरह फिदा थी