संदिग्ध परिस्थितियों में 17 वर्षीय एक किशोर का शव

घर से निकला था अंडा खरीदने, अगले दिन नहर में मिला 17 वर्षीय हर्षित का शव; जांच में जुटी पुलिस

Missing Teen Found Dead, Probe Begins

औरंगाबाद {बिहार}: संदिग्ध परिस्थितियों में 17 वर्षीय एक किशोर का शव नहर से बरामद किया गया है। घटना दाउदनगर थाना क्षेत्र के केरा गांव के पास पटना मुख्य नहर की है। मृतक की पहचान टीचर्स कॉलोनी निवासी राहुल कुमार के 17 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार के रूप में हुई है।

अंडा खरीदने निकला, फिर नहीं लौटा

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे हर्षित अंडा खरीदने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने दाउदनगर थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की।

नहर में मिला किशोर का शव

तलाश के दौरान सूचना मिली कि केरा गांव के पास पटना मुख्य कैनाल में एक शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव की पहचान हर्षित कुमार के रूप में होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

पहले पिता का साया उठा, अब बेटे की मौत

हर्षित दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई मोनू कुमार पटना में रहकर नीट की तैयारी कर रहा है। करीब एक वर्ष पहले उसके पिता, जो सरकारी शिक्षक थे, बीमारी के कारण निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद परिवार पहले से ही कठिन दौर से गुजर रहा था, वहीं अब हर्षित की असामयिक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर मिर्जापुर में AAP का प्रदर्शन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी