Bihar Assembly Election 2025 : तेजस्वी यादव ने सोम

'पहले चरण के मतदान के 4 दिन बाद भी आकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए..', चुनाव आयोग पर तेजस्वी यादव का हमला

'पहले चरण के मतदान के 4 दिन बाद भी आकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए..', चुनाव आयोग पर तेजस्वी यादव का हमला

Bihar Assembly Election 2025 : तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ और आज 10 नवंबर 4 दिन बाद भी आकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए हैं कि कितने पुरुष और कितनी महिलाओं ने मतदान किया. कोई भी आधिकारिक आंकड़ा नहीं आया है. चुनाव आयोग अब भाजपा का टूल बन चुका है और मर गया है. तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग और बीजेपी जमकर निशाना साधा है.

तेजस्वी यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि पहले भी मैन्युअली उसी दिन आंकड़ा सामने आता था और तकनीक का जमाना है फिर भी आंकड़ा क्यों छिपाया जा रहा है? 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान है और 14 नवंबर को परिणाम आएंगे, लेकिन 14 तक पता ही नहीं चलेगा कि किस अनुपात में मतदान हुआ है.

उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडे का भ्रष्टाचार नहीं दिखा? आपने बिहार के दुर्दांत अपराधियों के साथ मंच साझा किया. क्या प्रधानमंत्री को उल्लास पांडे, मनोरमा देवी, आनंद मोहन, सुनील पांडे, अनंत सिंह, राज वल्लभ साधु महात्मा लगते हैं? सृजन घोटाले के मुख्य आरोपी विपिन शर्मा का विशेष पास बनवाकर हवाई अड्डे पर बुलाकर उन्होंने पीठ ठोका है.

तेजस्वी यादव को थोड़ा होमवर्क करना चाहिए : बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद 

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि तेजस्वी यादव ने आज एक बात कही कि सभी उद्योग भाजपा के राज्यों में ही क्यों लगते हैं? बिहार में अभी तक इथेनॉल के 17 प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं. बिहार टेक्सटाइल का एक बहुत बड़ा क्षेत्र बन रहा है. बिहार बिस्कुट उद्योग का एक बड़ा केंद्र बन गया है. तेजस्वी यादव को थोड़ा होमवर्क करना चाहिए.

विजय कुमार सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये जंगलराज के युवराज हैं. माता-पिता के पहचान से अनुकंपा की राजनीति कर रहे हैं. ये केवल जातीय ध्रुवीकरण की राजनीति करते हैं. केवल एक माहौल खड़ा करते हैं भ्रम फैलाते हैं. जनता पहले चरण में नकार चुकी है. 14 नवंबर को परिणाम बता देंगे कि आपको जनता ने साफ किया है.

चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है. 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी. दो चरणों में चुनाव होंगे, पहले चरण के लिए 18 जिलों के 121 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है. इसमें गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर, बक्सर शामिल है. दूसरे चरण में 20 जिलों के 122 सीटों पर होगी. इसमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी, चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, मधुबनी, अररिया, कशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास शामिल है.

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/a-major-terrorist-conspiracy-exposed-explosives-and-ak47-recovered-from-jammu/97131