बिहार के दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र

मंदिर में पूजा करने गई 8 साल की बच्ची से छेड़खानी का आरोप, पंडा का बेटा गिरफ्तार

Temple molestation: Priest son arrested for harassing 8yo

दरभंगा | बिहार के दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में पूजा करने गई 8 साल की बच्ची से छेड़खानी का मामला सामने आया है। मामले में मंदिर के पंडा भोगेश्वर झा के 24 वर्षीय बेटे शिवकुमार झा उर्फ छोटू झा को आरोपी बनाया गया है। घटना को लेकर कुशेश्वरस्थान थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने सहरसा से आरोपी को पकड़ा

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिवकुमार झा को सहरसा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विवाहित है और उसकी कोई संतान नहीं है। बताया गया है कि रविवार सुबह करीब 9 बजे 8 वर्षीय बच्ची अपनी दो सहेलियों के साथ रोजाना की तरह बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में पूजा करने गई थी। पूजा-अर्चना के बाद तीनों बच्चियां मंदिर से बाहर निकलीं। इसी दौरान बच्ची ने आरोपी शिवकुमार झा के पैर छूकर प्रणाम किया। आरोप है कि इसके बाद शिवकुमार झा ने बच्ची की एक सहेली को मंदिर परिसर में ही छोड़ दिया और दूसरी बच्ची को मिठाई खिलाने के बहाने अपने साथ मंदिर से बाहर ले गया।

धर्मशाला के पास ले जाने का आरोप

आरोप है कि आरोपी बच्ची को प्रखंड-अंचल मुख्यालय के समीप से होते हुए धर्मशाला के पास वॉशरूम की ओर ले गया। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वहीं बच्ची के साथ छेड़खानी की गई। घटना के बाद आरोपी बच्ची को लेकर वापस मंदिर परिसर की ओर आता हुआ सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच जारी

घटना के संबंध में कुशेश्वरस्थान थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: मोबाइल फोन खोलेगा इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत का राज, सोनू समेत कई लोगों की भूमिका जांच के घेरे में