विजय की अध्यक्षता में हुई बैठक में गठबंधन का नाम ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री फ्रंट’ रखा गया
चेन्नई (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के सहयोगी दलों की बुधवार को हुई बैठक में गठबंधन का औपचारिक नाम ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री फ्रंट’ रखा गया। बैठक में विजय को सर्वसम्मति से गठबंधन का नेता चुना गया। विजय की अगुवाई वाली बैठक में राज्य में छह अक्टूबर को दो निर्वाचन क्षेत्रों के लिए होने वाले उपचुनावों में उम्मीदवारों को उतारने पर भी विचार-विमर्श किया गया। ये उपचुनाव सत्ता में आने के बाद टीवीके की पहली परीक्षा होगी।
पार्टी के नेतृत्व में गठबंधन एकजुट
टीवीके के वरिष्ठ नेता और लोक निर्माण मंत्री आधव अर्जुन ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि उनकी पार्टी के नेतृत्व में गठबंधन एकजुट है और यह केवल चुनाव के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि यह लोगों की खातिर एक विचारधारा-आधारित गठबंधन है जो सुधारवादी शख्सियत पेरियार ईवी रामासामी, डॉ. बीआर आंबेडकर और द्रविड़ दिग्गज सीएन अन्नादुरई के आदर्शों का अनुसरण करता है। अर्जुन ने कहा, ‘‘जहां भी धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय है, जीत हमेशा वहां होती है और यह लोगों की विजय होती है।’’
वाम दलों के प्रति हमारे मन में बहुत सम्मान
वाम दलों द्वारा बैठक में शामिल नहीं होने को लेकर मंत्री ने कहा, ‘‘वाम दलों के प्रति हमारे मन में बहुत सम्मान है।’’ उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वामपंथी दल टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन करना जारी रखेंगे। टीवीके के चुनाव बाद के गठबंधन सहयोगियों की यह दूसरी बैठक थी और यह लगभग डेढ़ घंटे तक चली। इस बैठक में वाम दल नहीं पहुंचे और जुलाई में हुई पहली समन्वय बैठक में भी वामपंथी दलों ने हिस्सा नहीं लिया था।
धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय गठबंधन के प्राथमिक सिद्धांत
कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) राज्य सरकार का हिस्सा हैं। वाम दल सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे हैं। मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) भी टीवीके का सहयोगी है। वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुई बैठक में गठबंधन का नाम सर्वसम्मति से तय किया गया है।’’ तिरुमावलवन ने कहा कि धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय गठबंधन के प्राथमिक सिद्धांत हैं और मोर्चे ने उसी के अनुसार नाम दिया है।
गठबंधन का नाम सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री फ्रंट
बैठक के बाद बाहर आए तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) के अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर ने कहा कि टीवीके अध्यक्ष और मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व में एक नया गठबंधन बनाया गया है। टैगोर ने कहा कि गठबंधन का नाम ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री फ्रंट’ ही इस गठबंधन के आदर्शों और एजेंडे के बारे में बहुत कुछ कहता है। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारों के लिए लड़ने वाले सभी दल इस गठबंधन का हिस्सा हैं।
मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों के लिए छह अक्टूबर को उपचुनाव
टैगोर ने कहा कि टीवीके नीत गठबंधन तमिलनाडु और पुडुचेरी से काम करेगा। टैगोर ने कहा, ‘‘कल उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी और हम गठबंधन उम्मीदवारों की जीत के लिए काम करेंगे।’’ अन्नाद्रमुक विधायकों के इस्तीफे के कारण मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों के लिए छह अक्टूबर को उपचुनाव होंगे। (इनपुटः भाषा)
यह भी पढ़ेंः बंगाल उपचुनाव से पहले मतदाताओं की लंबित अपील का निपटारा हो: तृणमूल सांसद का ईसी से आग्रह