पटियाला के गांव मंडोर में मकान की छत गिरी, परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल
Patiala : पटियाला जिले के गांव मंडोर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कच्चे मकान की छत अचानक गिर गई. इस हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों में पति-पत्नी के अलावा उनके तीन छोटे बच्चे शामिल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
गांव के निवासी इंद्रजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा गांव के ही एक गरीब मजदूर परिवार के साथ हुआ है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है. उन्होंने सरकार से इस परिवार को आर्थिक सहायता देने की अपील की है.
परिवार के एक रिश्तेदार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही थी, जिससे मकान की छत कमजोर हो गई थी. हादसे से दो दिन पहले ही छत की मरम्मत करवाई गई थी, लेकिन भारी बारिश के चलते वह गिर गई. गंभीर रूप से घायल हुए सभी पांचों सदस्यों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. गांववासियों और परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के पुनर्वास और इलाज में सहायता की मांग की है.
रिपोर्ट - सुखमीत सिंह, संवाददाता
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/indian-government-told-in-which-jail-mehul-chowksi-will-stay-after-surrender/46149