मैहर में सोशल मीडिया पर कोरेक्स बेचने की धमकी देने

'बेचेंगे कोरेक्स, जो उखाड़ना है उखाड़ लो' रील्स पर धमकी देना पड़ा भारी

The threat on the reels, 'We will sell Corex, uproot whatever you want', proved costly

मैहर (मध्य प्रदेश)। सोशल मीडिया पर प्रतिबंधित नशीली दवा 'कोरेक्स' बेचने की धमकी भरा वीडियो बनाकर दहशत फैलाने वाले दो युवकों को अमरपाटन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 

वायरल वीडियो से मची सनसनी, जाँच में जुटी पुलिस

मामले का खुलासा तब हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिसमें युवक बेखौफ होकर कोरेक्स बेचने की धमकी देते नजर आ रहे थे। मामला संज्ञान में आते ही थाना अमरपाटन पुलिस ने तुरंत वीडियो की तस्दीक (सत्यापन) शुरू की। पड़ताल के दौरान पता चला कि यह वीडियो ग्राम भीषमपुर का है।

गाँव में ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और विवाद

तथ्यों की पुष्टि और छानबीन के लिए अमरपाटन पुलिस की टीम तत्काल ग्राम भीषमपुर पहुँची। मौके पर पाया गया कि 8 सितंबर को जिन युवकों ने कोरेक्स बेचने का धमकी भरा वीडियो बनाकर वायरल किया था, वे ही दोनों व्यक्ति गाँव में ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और विवाद कर रहे थे। वे ग्रामीणों को वीडियो वायरल करने और शिकायत करने को लेकर धमका रहे थे।

पुलिस से उलझे आरोपी, हिरासत में लिए गए

पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुँचकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया और उनसे नाम-पता पूछा, तो उनकी पहचान अंकुल कुमार सिंगरौल (पिता फूलचन्द्र सिंगरौल, उम्र 21 वर्ष) और सुमित कुमार लोधी (पिता रामनरेश लोधी, उम्र 22 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कुम्हारी, थाना अमरपाटन के रूप में हुई। 

दोनों आरोपी मौके से गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों द्वारा वाद-विवाद न करने और शांति बनाए रखने की समझाइश दिए जाने के बावजूद दोनों आरोपी नहीं माने और लगातार उपद्रव करते रहे। गंभीर और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126(1) और 135(1) के तहत दोनों आरोपियों—अंकुल सिंगरौल और सुमित लोधी—को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

न्यायालय के आदेश पर उप-जेल मैहर भेजा गया

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को तहसील न्यायालय अमरपाटन में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद दोनों आरोपियों को उप-जेल मैहर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अमरपाटन थाना निरीक्षक विजय सिंह परस्ते और राजू निपाने की सराहनीय भूमिका रही।

यह भी पढ़ेंः मुजफ्फरनगर ₹100 का चंदा नहीं देने पर दलित परिवार का हुक्का पानी बंद