वाराणसी कचहरी से पुलिस अभिरक्षा में आया चोरी का आरोपी फरार, दो कांस्टेबलों पर कार्रवाई
वाराणसी,(उत्तर प्रदेश)। के कचहरी परिसर से पुलिस अभिरक्षा में लाया गया चोरी का एक आरोपी गुरुवार को पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। काफी देर तक पुलिस ने आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए दो कांस्टेबलों के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
अदालत में पेश करने कचहरी लेकर जा रही थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, फूलपुर थाना पुलिस ने 22 जुलाई को मोनू खान नामक युवक को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से चोरी की एक बैटरी और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई थी। इसके अलावा वह फूलपुर थाने में दर्ज एक अन्य मामले में भी वांछित चल रहा था। न्यायिक रिमांड के लिए गुरुवार दोपहर कांस्टेबल राकेश कुमार सरोज और अभिजीत वर्मा उसे एसीजीएम चतुर्थ की अदालत में पेश करने कचहरी लेकर पहुंचे थे।
मौका पाकर मोनू खान हुआ फरार
बताया जा रहा है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने आरोपी को कोर्ट रूम के बाहर खड़ा कर दिया और आवश्यक कागजी कार्रवाई के लिए अदालत के भीतर चले गए। इसी दौरान मौका पाकर मोनू खान वहां से फरार हो गया। आरोपी के गायब होने की जानकारी मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कचहरी पुलिस चौकी को सूचना दी, जिसके बाद आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दोनों कांस्टेबलों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुंवारी खुर्द गांव का निवासी है। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई। उपनिरीक्षक अनिल कुमार की तहरीर पर कैंट थाने में आरोपी मोनू खान के खिलाफ फरार होने तथा ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दोनों कांस्टेबलों के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक घनश्याम यादव को सौंपी गई है।
दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः इटावा में हाईवे पर ट्रेवल्स बस पलटी, 11 यात्री घायल