रोहतास में दो किराना दुकानों से लाखों की चोरी का खुलासा, कंटेनर ट्रक बरामद तथा एक गिरफ्तार
रोहतास (बिहार)। खबर रोहतास जिले से है। जहां परसथुआ थाना की पुलिस ने दो किराना दुकानों में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जबकि चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
लाखों की चोरी का मामला दर्ज हुआ था
सासाराम एसडीपीओ 2 संजीव कुमार ने बताया कि 1 जून 2026 को कैथिया निवासी रवीन्द्र कुमार तिवारी ने परसथुआ थाना में आवेदन देकर बताया था कि 31 मई और 1 जून की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने उनकी किराना दुकान का शटर का ताला काटकर गल्ले में रखे 1.25 लाख रुपये नकद, सिगरेट, काजू, बादाम सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इसी रात बगल में स्थित निलायक अंसारी की दुकान का भी ताला तोड़कर करीब 60 हजार रुपये नकद, सिगरेट, गुटखा एवं अन्य सामान की चोरी की गई थी। इस मामले में परसथुआ थाना कांड संख्या 47/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
तकनीकी जांच से ट्रक की पहचान, एक आरोपी गिरफ्तार
थानाध्यक्ष रामचंद्र चौपाल के नेतृत्व में तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर जिला आसूचना इकाई (DIU) की मदद से चोरी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक (UP21BN/4455) की पहचान की गई। इसके बाद पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के चकचका न्यू टाउन से ट्रक के मालिक मोहम्मद अजीम (45 वर्ष), निवासी हिमगिरी कॉलोनी, सिविल लाइन, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया।
चार आरोपी फरार, छापेमारी जारी
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथियों आरसू, अंकित गुर्जर, आमिर और डिफाल्टर के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि चोरी का पैसा और सामान इन्हीं फरार आरोपियों के पास होने की जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़ें: कटनी में उद्योगपति पर दिनदहाड़े हमला, जमीन विवाद में भाजपा नेताओं समेत कई लोगों पर FIR दर्ज