मुजफ्फरनगर में एक ग्राहक सेवा केंद्र में हुई लाखों

मुजफ्फरनगर में लाखों की चोरी का कुछ घंटों में खुलासा, जंगल में मुठभेड़

गिरफ्तार आरोपी

मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश)। ग्राहक सेवा केंद्र में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच शेरपुर के जंगल में मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं तीसरा बदमाश मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से दो लाख रुपये, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी

मुजफ्फरनगर में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी है। थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर के जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस के मुताबिक, बीते दिन एटीएम के बराबर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र में कई लाख रुपये की चोरी हुई थी। चोरी की पूरी वारदात एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।

ग्राहक सेवा केंद्र से लाखों रुपये की चोरी

बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन शातिर बदमाश एटीएम के अंदर दाखिल हुए और वहां की दीवार में कुंबल लगाकर बराबर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र में घुस गए। इसके बाद बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र से लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस की बदमाशों से शेरपुर के जंगल में मुठभेड़ हो गई।

मुठभेड़ के दौरान बदमाश समीर के पैर में लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान बदमाश समीर पुलिस की गोली लगने से पैर में घायल हो गया। वहीं उसका साथी सुहैल कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरा आरोपी आसिफ मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कांबिंग कर रही है। पुलिस ने गिरफ्तार और घायल बदमाशों के कब्जे से दो लाख रुपये की नकदी, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद रकम ग्राहक सेवा केंद्र में हुई चोरी से जुड़ी है।

यह भी पढ़ेंः मध्य प्रदेश: इलाज के दौरान चार वर्षीय बालिका की मौत, चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप