'मेरी बहन का जीना हराम कर रखा था...', ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का बड़ा आरोप
बैतूल,(मध्यप्रदेश)। आमला रेडीमेड कपड़ों के व्यापारी प्रशांत यादव की पत्नी रंजीता यादव 37 ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मृतिका की बड़ी बहन विजेता यादव निवासी इंदौर ने आमला पहुंचकर मृतिका के ससुर सुरेन्द्र यादव, सास पुष्पा और देवरानी मुस्कान पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
माइग्रेन को डिप्रेशन बताने का आरोप
उनका कहना है, कि इन लोगों ने मेरी बहन का जीना हराम कर रखा था। कोई गीली चुन्नी से कैसे फांसी लगा सकता है। मेरी बहन को डिप्रेशन का मरीज बताया गया जबकि, उसको माइग्रेन की बीमारी थी। थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर ने बताया, कि मृतिका रंजीता यादव की 2 बेटियां हैं। छोटी बेटी 2 महीने की और बड़ी बेटी 9 साल की है।
बाथरूम शावर से चुन्नी का फंदा बनाकर लगाई फांसी
मायके पक्ष की मौजूदगी में शव का पीएम करवाकर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है। परिवार वालों ने बताया, कि मृतिका को डिप्रेशन था। इस मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। मामले की जांच कर रहे प्रधान आरक्षक कमलेश धुर्वे के अनुसार मृतिका के परिजनों ने बताया है, कि उसने बाथरूम शावर से चुन्नी का फंदा बनाकर फांसी लगाई थी।
मासूम बच्चियों की देखभाल की चिंता
मृतिका के ससुर सुरेन्द्र यादव ने बताया, कि रंजीता को माइग्रेन की बीमारी थी, जिसका इलाज चल रहा था। घर में कोई परेशानी नहीं थी फांसी लगाने से परिवार की खुशियां खत्म हो गई। दो महीने की बच्ची सहित बड़ी बेटी की देखभाल की चिंता हो रही है।
यह भी पढ़ेंः इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत का दर्दनाक अंत, प्रेमी ने मुंह दबाकर की प्रेमिका की हत्या