रायबरेली में दीवार की ईंटें उखाड़कर घर में घुसे चोर, नकदी और लाखों के जेवर लेकर हुए फरार
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। बछरांवा थाना क्षेत्र के पश्चिम गांव में बेखौफ चोरों ने पुलिसिया गश्त को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बीती रात चोरों ने एक विधवा महिला के घर को निशाना बनाते हुए पिछली दीवार से सेंधमारी की और बक्से का ताला तोड़कर ₹40 हजार नकद व करीब ₹2 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
चोरों ने पीछे के दरवाजे से घुसकर तोड़ा बक्सा
पश्चिम गांव निवासी सायरा बानो पत्नी स्वर्गीय अब्दुल सुल्तान रविवार की रात अपनी पुत्री समीर बानो व बच्चों के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रही थीं। देर रात अज्ञात चोरों ने घर के पिछले हिस्से को निशाना बनाया। चोरों ने पिछली दीवार पर लगे दरवाजे के पास की ईंटें निकाल दीं और हाथ अंदर डालकर दरवाजे की कुंडी खोल ली। घर के भीतर दाखिल हुए चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। इसके बाद उसमें रखी ₹40 हजार की नकदी और करीब ₹2 लाख कीमत के सोने व चांदी के पुश्तैनी जेवरात समेट कर फरार हो गए।
सुबह खुला चोरी का राज, मचा हड़कंप
सोमवार सुबह करीब छह बजे जब परिजनों की नींद खुली और वे घर के अंदर गए, तो कमरे का नजारा देखकर स्तब्ध रह गए। कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था और बक्से का ताला टूटा हुआ था। जेवरात और नकदी गायब देख चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
चोरी की सूचना मिलते ही बछरांवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। इस संबंध में थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि चोरी की वारदात की सूचना मिली है। पुलिस की एक टीम जांच-पड़ताल कर रही है। जल्द ही घटना का अनावरण कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: सुलतानपुर में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज होने के महज 2 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार