भगवान का दरबार भी नहीं सुरक्षित! प्राचीन जैन मंदिर में लाखों की चोरी से श्रद्धालुओं में आक्रोश
कटनी,(मध्यप्रदेश)। जिले में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर जैन मंदिर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। कटनी के पिपरौध स्थित प्राचीन पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में देर रात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और 3 दानपेटियों में रखी करीब 2 से ढाई लाख रुपये की नकदी के साथ पद्मावती माता की प्रतिमा पर लगा चांदी का छत्र चोरी कर फरार हो गए। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए आरोपी मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
गर्भगृह का गेट तोड़ने में नाकाम
जानकारी के मुताबिक कटनी में देर रात से हो रही बारिश का फायदा उठाकर चोर घने के अंधेरे का फायदा उठाकर जैन मंदिर में घुसे। उन्होंने पहले मंदिर का मुख्य दरवाजा तोड़ा, फिर दानपेटियों को निशाना बनाया। चोरों ने गर्भगृह का गेट तोड़ने की भी कोशिश की हालांकि उसमें सफल नहीं हो सके।
पद्मावती माता की प्रतिमा पर स्थापित चांदी का छत्र भी चोरी
वारदात के बाद सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने मंदिर पहुंचे तो मंदिर का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर चोरी का खुलासा हुआ। मंदिर की देखरेख करने वाले वीरेंद्र जैन ने बताया, कि करीब 150 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक जैन मंदिर की देखभाल स्थानीय जैन समाज करता है। दानपेटियों में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई बड़ी राशि रखी थी, जिसे चोर अपने साथ ले गए। साथ ही पद्मावती माता की प्रतिमा पर स्थापित चांदी का छत्र भी चोरी कर लिया गया। वही जैन समाज के जिलाध्यक्ष संजय जैन ने मांग उठाई कि चोरों को जल्द गिरफ्तार करते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाई जाए।
मंदिर और आस-पास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की जांच
सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस और झिंझरी चौकी की टीम फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी शशिभूषण सिंह ने बताया, कि घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी बारीकी से जांच करते हुए मंदिर और आस-पास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। लगातार धार्मिक स्थलों पर हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है।
यह भी पढ़ेंः बस की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, वाराणसी में बेटे को स्कूल छोड़कर घर आते समय हुआ हादसा