जौनपुर में पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का खुलासा

पुलिस से बचने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल, जौनपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री का खुलासा

जौनपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री का खुलासा

जौनपुर: मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के भंडरिया टोला में पुलिस ने अवैध पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए दोनों ड्रोन कैमरे के जरिए आसपास निगरानी करते थे। मौके से भारी मात्रा में तैयार पटाखे, विस्फोटक सामग्री और ड्रोन कैमरा बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान इम्तियाज अहमद (48) और उसके बेटे मोहम्मद कैफ (23), निवासी भंडरिया टोला को हिरासत में लिया गया।

छापेमारी में भारी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद

पुलिस के अनुसार, मौके से करीब 155 किलोग्राम अनार, 60 किलोग्राम सुतली बम और 19.5 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखा समेत बड़ी मात्रा में बारूद, गंधक, सोरा, एल्यूमीनियम कतरन और पटाखा बनाने के उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा 1530 खाली मिट्टी की अनार घरिया और एक ड्रोन कैमरा भी मिला। क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र की टीम ने कार्रवाई की। दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पटाखा निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। 

ये भी पढ़ें- गोरखपुर में BJP की अंदरूनी लड़ाई पर अखिलेश का तंज, 'रणछोड़' नाम के इस्तेमाल पर भी जताई नाराजगी