मुरैना जिले के पोरसा जनपद पंचायत की सीईओ सुनीता दं

पानी निकासी के दौरान पोरसा जनपद सीईओ को गोली मारने की धमकी

पोरसा जनपद सीईओ को गोली मारने की धमकी

मुरैना: पोरसा जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुनीता दंडोतिया को नंदपुरा गांव में गंदे पानी की निकासी कराने के दौरान एक ग्रामीण द्वारा गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सीईओ के निर्देश पर गंदे पानी की निकासी शुरू

जानकारी के मुताबिक, नंदपुरा गांव के मार्गों पर गंदा पानी भरा होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति यह थी कि दोपहिया और चारपहिया वाहन भी पानी के कारण रास्ते से नहीं निकल पा रहे थे। ग्रामीणों ने जनपद पंचायत में शिकायत की थी। शिकायत के बाद सीईओ सुनीता दंडोतिया जनपद पंचायत के अमले के साथ मौके पर पहुंचीं और गंदे पानी की निकासी का प्रयास शुरू कराया।

ग्रामीण ने सीईओ को दी गोली मारने की धमकी

इसी दौरान एक ग्रामीण ने पानी निकासी से पहले विद्युत ट्रांसफार्मर (डीपी) हटाने की मांग की। इस बात को लेकर विवाद की स्थिति बन गई और ग्रामीण ने सीईओ को गोली चलाने की धमकी दे दी। बताया जा रहा है कि सीईओ ने भी ग्रामीण से कहा कि अगर गोली चलानी है तो चला दो। सीईओ ने ग्रामीणों से कहा कि डीपी हटाना उनका काम नहीं है, उनकी प्राथमिकता गांव में जमा गंदे पानी और गंदगी की समस्या का समाधान करना है। 

डीपी हटाने को लेकर विवाद का वीडियो वायरल

उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि आगामी शिविर में जब जिला कलेक्टर गांव आएं तो उनके सामने विद्युत ट्रांसफार्मर की समस्या रखी जाए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, मामले में अभी तक सीईओ की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें- उज्जैन में जलाए जाएंगे 25 लाख दीपक, VVIP मूवमेंट के बीच कड़ी सुरक्षा