मणिपुर के चुराचांदपुर में पुलिस और सुरक्षाबलों के

मणिपुर के चुराचांदपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रॉकेट और मोर्टार समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद, 3 गिरफ्तार

Manipur Police with arrested persons

इम्फाल (मणिपुर)। मणिपुर पुलिस और सुरक्षाबलों ने चुराचांदपुर जिले में दो अलग-अलग संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। इन अभियानों में तीन हथियारबंद कैडरों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, दोनों जगह से भारी मात्रा में आग्नेयास्त्र (firearms), गोला-बारूद और अन्य सामरिक उपकरण (tactical equipment) बरामद किए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई 11 सितंबर को की गई है।

जांच और कार्रवाई की स्थिति

पुलिस के मुताबिक, पहला अभियान 11 सितंबर को हेंगलेप सब-डिवीजन के मुनपी गांव के इलाके में चलाया गया। चुराचांदपुर जिला पुलिस और 5 असम राइफल्स (5 Assam Rifles) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन हथियारबंद कैडरों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान खुआल (35 वर्ष, निवासी मुनपी गांव, हेंगलेप सब-डिवीजन), मनी चिरू (30 वर्ष, निवासी नुंगराई गांव, बिष्णुपुर जिला) और थांगलानमुआन (25 वर्ष, निवासी नघथल गांव, चुराचांदपुर जिला) के रूप में हुई है।

पहले ऑपरेशन में मिले अत्याधुनिक हथियार

पुलिस ने बताया कि पहले ऑपरेशन में कई असॉल्ट राइफलें और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया। जब्त किए गए हथियारों में एक 7.62 मिमी एचकेजी 3 (HKG 3) असॉल्ट राइफल, एक 5.56 मिमी ए1 (A1) असॉल्ट राइफल और एक 5.56 मिमी एम22 (M22) असॉल्ट राइफल शामिल हैं। इसके अलावा, अभियान के दौरान दो 7.62 मिमी एके-47 (AK-47) राइफलें और विभिन्न हथियारों की सात मैगजीन भी बरामद की गईं। पुलिस ने अलग-अलग कैलिबर के 298 राउंड जिंदा कारतूस और पांच टैक्टिकल पाउच भी जब्त किए हैं।

खुफिया इनपुट पर दूसरा बड़ा अभियान

उसी दिन (11 सितंबर) एक अन्य अभियान में, चुराचांदपुर जिला पुलिस और 2 जेएके एलआई (2 JAK LI) ने नालोन और थिंगहिंगजांग गांवों के सीमावर्ती इलाकों में एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। यह अभियान थांगजिंग रिज (Thangjing Ridge) के सामान्य क्षेत्र में अवैध हथियारों और गोला-बारूद की मौजूदगी के संबंध में मिली सटीक खुफिया जानकारी (intelligence inputs) के आधार पर चलाया गया था।

रॉकेट और मोर्टार समेत हथियारों का जखीरा जब्त

मणिपुर पुलिस के मुताबिक, इस दूसरे अभियान में हथियारों और सैन्य उपकरणों का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ। जब्त किए गए सामानों में दो 82 मिमी मोर्टार और एक स्थानीय रूप से निर्मित रॉकेट शामिल है। सुरक्षाबलों ने स्कोप लगी एक एमपी5 (MP5) ऑटोमैटिक राइफल, मैगजीन के साथ चार 9 मिमी कार्बाइन और मैगजीन के साथ दो पिस्तौल भी बरामद की हैं।

बरामदगी की इस विस्तृत सूची में चार सिंगल-बैरल राइफल, चार बोल्ट-एक्शन राइफल और दो मोर्टार बम भी शामिल हैं। इसके साथ ही, दो पंप-एक्शन हथियार और चार पंप-एक्शन गोले (shells) भी जब्त किए गए हैं। आग्नेयास्त्रों और गोला-बारूद के अलावा, टीम ने मौके से एक रेडियो सेट, दो बीपीजे (BPJ) हार्नेस और एक जोड़ी कॉम्बैट बूट भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, मुनपी गांव के ऑपरेशन में गिरफ्तारियां हुईं, जबकि दूसरा ऑपरेशन पूरी तरह से अवैध हथियारों की रिकवरी पर केंद्रित था। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार उग्रवादी गिरफ्तार