शाजापुर में गैस गोदाम चोरी का खुलासा, 5 सिलेंडर और बाइक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
शाजापुर (मध्य प्रदेश)। जिले के मोहन बड़ोदिया पुलिस ने गैस गोदाम में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए 5 घरेलू गैस सिलेंडर, एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन सहित कुल ₹1,00,000 मूल्य का मशरूका बरामद किया है।
गोदाम का ताला तोड़कर सिलेंडर, बाइक और मोबाइल चोरी की थी वारदात
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि फरियादी देवकरण मालवीय (निवासी पुराना चैमा) ने थाना मोहन बड़ोदिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10-11 जून 2026 की रात्रि में अज्ञात बदमाशों ने 'देवशक्ति एचपी गैस ग्रामीण वितरण एजेंसी' के गोदाम का ताला तोड़कर एचपी कंपनी के 5 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर, गोदाम के सामने खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल और पास ही गुमटी पर सो रहे सिद्धनाथ मालवीय का वीवो मोबाइल फोन चोरी कर लिया था।
पुलिस टीम गठित कर शुरू की गई मामले की जांच
इस शिकायत पर थाना मोहन बड़ोदिया में अपराध क्रमांक दर्ज कर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शाजापुर प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शाजापुर अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोहन बड़ोदिया उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह तोमर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर सेल की तकनीकी सहायता ली, पूर्व में चोरी के मामलों में संलिप्त रहे संदिग्धों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया
सतर्क प्रयासों के बाद पुलिस ने 30 जुलाई को घटना में संलिप्त तीनों आरोपियों को धर दबोचा, जिनके नाम शिवनारायण उर्फ शिवा, निवासी शिव पहाड़ी, कानड़, जिला आगर-मालवा; अम्बाराम बोरखेड़ी, थाना कानड़, जिला आगर-मालवा; और अजय , निवासी शिव पहाड़ी, कानड़, जिला आगर-मालवा हैं।
आरोपियों से एक लाख रुपये का मशरूका बरामद, पुलिस कार्रवाई जारी
आरोपियों के कब्जे से 5 घरेलू भरे हुए एचपी गैस सिलेंडर, 1 पल्सर मोटरसाइकिल और 1 वीवो मोबाइल फोन सहित कुल लगभग ₹1,00,000 कीमत का मशरूका बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़े: मोतिहारी में शराब तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अंग्रेजी-नेपाली और देसी शराब जब्त