सुल्तानपुर में जल जीवन मिशन साइटों पर चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)। लम्भुआ पुलिस ने जल जीवन मिशन परियोजना की साइटों से इन्वर्टर और बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जल जीवन मिशन की दो साइटों से इन्वर्टर और बैटरियां हुई थीं चोरी
पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के पर्यवेक्षण में थाना लम्भुआ पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 27/28 जुलाई की रात ग्राम किठौली एवं ग्राम मदनपुर पनियार स्थित जल जीवन मिशन परियोजना की साइटों से दो इन्वर्टर और चार बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। इस संबंध में थाना लम्भुआ में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी दबोचे, पूछताछ में कई नाम आए सामने
विवेचना और मुखबिर की सूचना के आधार पर शुक्रवार को गोपालापुर मोड़ हाईवे के पास पुलिस ने डेविड उर्फ हर्षित तिवारी, नीरज उर्फ कोपे निषाद तथा राजा कुमार रैदास को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि वे रात में पैदल या मोटरसाइकिल से निकलकर मौका मिलने पर विभिन्न स्थानों पर चोरी करते थे। पूछताछ में राजेश निषाद उर्फ उदई, जुगेश निषाद सहित कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
चोरी का सामान और बाइक बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह बैटरियां, एक यूटीएल सोलर इन्वर्टर तथा चोरी के माल के परिवहन में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: जौनपुर में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी-लाठी हमले में 3 घायल और 5 आरोपी गिरफ्तार