दिल्ली में चाकू से हत्या के मामले में 18 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली,(भारत)। में जेपीसी अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क में शनिवार सुबह एक व्यक्ति की चाकू से हत्या के मामले का पुलिस ने 18 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शाहनवाज (21), नूर हसन (20) और अनस (21) शामिल हैं, जो सभी सीलमपुर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज
जानकारी के अनुसार, पुलिस को पार्क में एक घायल युवक पड़ा मिला था, जिसे तुरंत जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी 20 वर्षीय तोहीद के रूप में हुई। इस मामले में न्यू उस्मानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुराने विवाद में हत्या
जांच में पता चला कि मृतक का कुछ लोगों से पुराना विवाद था। सबूतों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया, कि मृतक ने पहले नूर हसन को थप्पड़ मारा था और शाहनवाज को धमकी दी थी। इसी रंजिश में तीनों ने मिलकर उसे पार्क में बुलाया और चाकू से हमला कर हत्या कर दी।
हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शाहनवाज पहले भी एक डकैती के मामले में शामिल रह चुका है। मामले की आगे की जांच जारी है। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज से प्रशांत किशोर उतरेंगे मैदान में