फलका बाजार में बसों की टाइमिंग को लेकर चल रहा विवा

5 लाख की रंगदारी नहीं देने पर बसें रोकने और हत्या की धमकी का आरोप, तीन बसों पर की गई फायरिंग

कटिहार में बसों पर की गई फायरिंग

कटिहार: फलका थाना क्षेत्र में बसों की टाइमिंग को लेकर चल रहा विवाद हिंसक हो गया। फलका बाजार में धर्मकांटा के पास खड़ी तीन यात्री बसों पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब चार राउंड गोली चलने की बात सामने आई है। फायरिंग में बसों के आगे के शीशे टूट गए हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद आक्रोशित बस संचालकों और ग्रामीणों ने फलका-गेड़ाबाड़ी मार्ग जाम कर दिया। 

5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का लगा आरोप

करीब दो घंटे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। पुलिस के समझाने के बाद जाम हटाया गया। मौके से तीन खोखे बरामद हुए हैं। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। पीड़ित बस संचालक ने पुलिस को दिए आवेदन में आठ लोगों पर फायरिंग, रंगदारी और साजिश का आरोप लगाया है। आरोप है कि विवाद के बाद 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रकम ना देने पर बसें नहीं चलने देने और हत्या की धमकी दी गई। 

आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज

पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी विवाद को लेकर साजिश रचकर बसों पर हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। डीएसपी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच की। डीएसपी ने बताया कि मामले में आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- 14 वर्षीय दिव्यांग मासूम से 40 वर्ष के अधेड़ व्यक्ति ने किया दुष्कर्म