उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में वाराणसी जा रहे श्रद्धाल

आजमगढ़ में सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई श्रद्धालुओं की कार; तीन घायल

Three Devotees Injured After Car Collides with Parked Trailer in Azamgarh

आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। जिले से होकर वाराणसी जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ऊ बाबा पेट्रोल पंप के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाबा बैद्यनाथ धाम (झारखंड) से दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि दो अन्य बाल-बाल बच गए।

घायलों को सौ सैय्या संयुक्त चिकित्सालय में उपचार जारी

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सौ सैय्या संयुक्त चिकित्सालय, लालगंज पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में प्रेमचंद्र (38 वर्ष) निवासी पलान, थाना वाल्टरगंज, जनपद बस्ती की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं रामकिशुन (40 वर्ष) तथा इंद्रसेन सिंह (32 वर्ष) निवासी पलान, थाना वाल्टरगंज, जनपद बस्ती भी घायल हुए हैं। कार में सवार संजय चौधरी (45 वर्ष) और आदित्य कुमार (38 वर्ष) निवासी लोहार पुरवा, थाना वाल्टरगंज, जनपद बस्ती इस हादसे में सुरक्षित बच गए।

कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई

परिजनों के अनुसार सभी श्रद्धालु कार संख्या UP 51 BA 9332 से शनिवार रात करीब 11 बजे बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। बाबा धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद वे वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ तथा कैथी स्थित बाबा मार्कण्डेय महादेव के दर्शन कर देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान देवगांव क्षेत्र में उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से टकरा गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही देवगांव पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर यातायात को सुचारु कराया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण चालक को झपकी आना अथवा अंधेरे में खड़े ट्रेलर का समय पर दिखाई न देना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ेंः रायबरेली में गंगा उफान पर, 400 बीघा फसल जलमग्न और दर्जनों गांवों पर बाढ़ का खतरा