वन परिक्षेत्र महासमुंद के जंगल में तीन दंतैल हाथिय

महासमुंद के जंगल में तीन दंतैल हाथियों की दस्तक, 10 गांवों में हाई अलर्ट जारी

Three Elephants Enter Mahasamund Forest, Alert Issued

महासमुंद {छत्तीसगढ़}: वन परिक्षेत्र महासमुंद के जंगल में तीन दंतैल हाथियों की मौजूदगी के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। हाथियों का दल सुखई नाला पार कर वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 174 के जंगल में पहुंच गया है। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वन विभाग लगातार कर रहा निगरानी

वन विभाग के अनुसार, तीनों दंतैल हाथी पहले कक्ष क्रमांक 173 में थे और वहां से आगे बढ़कर सुखई नाला पार करते हुए कक्ष क्रमांक 174 में पहुंच गए। विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और उनकी लोकेशन की मॉनिटरिंग कर रही है।

10 गांवों में जारी किया गया हाई अलर्ट

हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने बोरिद, अमोरा, छताल, तलोर, मरोद, नांदगांव, रायकेरा, सुकुलबाय, केसलडीह और खैरझिटी समेत आसपास के गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात के समय जंगल या खेतों की ओर न जाएं और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

इन क्षेत्रों की ओर बढ़ सकते हैं हाथी

वन विभाग ने आशंका जताई है कि हाथियों का दल आगे बढ़ते हुए कक्ष क्रमांक 175, 176, 134, 133 और 136 की ओर जा सकता है। इसे देखते हुए वन अमला लगातार गश्त कर रहा है और संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने लोगों से रात के समय अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही कहा है कि यदि कहीं हाथियों की गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

यह भी पढ़े: रजिस्ट्री ऑफिस में जेबकतरे का कारनामा, रजिस्ट्रार के सामने उड़ाए 4,500 रुपये, CCTV में कैद