पटाखे खरीदने बाजार गए 5 दोस्त, हादसे में दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत
नालंदा: जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना हरनौत थाना क्षेत्र के हरनौत बाजार की है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। मृतकों की पहचान अनीश कुमार, गौतम कुमार और मन्नू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान अमित कुमार और रवि कुमार के रूप में की गई है। दोनों का इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक मन्नू और अनीश आपस में सगे भाई थे।
पटाखे खरीदने बाजार जा रहे थे पांचों दोस्त
जानकारी के अनुसार, दीपावली के अवसर पर सभी युवक अपने घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे। पटाखे खत्म होने के बाद पांचों युवक दोबारा पटाखे खरीदने के लिए हरनौत बाजार निकले थे। इसी दौरान वे एक भीषण सड़क हादसे की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने एक परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए गहरे दुख में बदल दिया है। हादसे में घायल रवि कुमार की शादी आगामी 21 नवंबर को होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है। दीपावली के त्योहार पर हुई इस दर्दनाक घटना से हर कोई स्तब्ध है।
ये भी पढ़ें: हाईवे-27 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत