हाईवे-27 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत
सिरोही: सिरोही जिले के आबूरोड रीको थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर मावल पेट्रोल पंप के नजदीक देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार तीनों लोग करीब 15 फीट दूर उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। बाइक के भी परखच्चे उड़ गए और तीनों लोग लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़े रहे। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 20 मिनट तक घायल अवस्था में पड़े रहने के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए शव
सूचना मिलते ही रीको थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद हाईवे एंबुलेंस की मदद से तीनों मृतकों के शव आबूरोड के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। पुलिस ने मृतकों की पहचान के प्रयास शुरू किए और उनके परिजनों को सूचना दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान दिनेश जोगी निवासी चारणी फली, सांतपुर, प्रकाश जोगी निवासी देलवाड़ा, माउंट आबू और शंकर मीणा निवासी माउंट आबू के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने पीछा कर ट्रक सहित चालक को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया है और जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद तीनों मृतकों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
ये भी पढ़ें: सदर अस्पताल की ओपीडी में घुसे दो यूट्यूबर, इलाज में बाधा डालने के आरोप में FIR दर्ज