वृंदावन के निर्माणाधीन ओमेक्स कोर्टयार्ड मॉल में छ

वृंदावन में निर्माणाधीन मॉल का छज्जा गिरने तीन मजदूरों की मौत, कंपनी पर मुकदमा दर्ज

मॉल का छज्जा गिरने तीन मजदूरों की मौत

मथुरा: वृंदावन के निर्माणाधीन ओमेक्स कोर्टयार्ड मॉल में छज्जा और शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की मौत के मामले में अब निर्माण कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर रफीउल मियां की पत्नी ने कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर मजदूरों से काम कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

भरभराकर गिरा छज्जा

एफआईआर के अनुसार, 21 अगस्त की सुबह निर्माणाधीन मॉल में काम के दौरान छज्जा और शटरिंग भरभराकर गिर गई थी। मलबे में दबने से रफीउल मियां, शिवराम कठोरिया और अलोम मियां की मौत हो गई थी। हादसे में दिलदार मियां भी गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।

कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मृतक रफीउल मियां की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का पर्याप्त इंतजाम नहीं किया गया था। मजदूरों से सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए काम कराया जा रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सहारनपुर की वीकेजे प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

सुरक्षा इंतजामों की जांच जारी

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही है। मामले में कंपनी से जुड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। 

ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से नौ मरीजों को मिली उपचार सहायता, 19 लाख रुपये की राशि स्वीकृत