पीलीभीत में रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब के व

पीलीभीत में तीन हत्याओं से मचा हड़कंप, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

घटनास्थल पर उपस्थित पुलिस

पीलीभीत (उत्तर प्रदेश)। रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब के विवाद में हुए तिहरा हत्याकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 7 नामजद समेत 13 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता, उसके चाचा संतोष गुप्ता, पिता नरेश गुप्ता को जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना की रात ही घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार क़र लिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से लाइसेंसी राइफल, एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस व घटना से संबंधित कार बरामद की है। वहीं हिरासत में लिए गए अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है, साथ ही, प्रशासन ने आरोपी संतोष की राइफल का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

सोमवार रात को घटी घटना

दरअसल अमरिया कस्बे में सोमवार रात एक वारदात से सनसनी फ़ैल गई, रामलीला मेला कमेटी के चंदे के हिसाब-किताब को लेकर चली आ रही रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट और फायरिंग हुई। गोली लगने से दोनों संगे भाई अंकित गुप्ता, मोहित गुप्ता और वहां से गुजर रहे 15 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव की मौत हो गई थी। घटना में रोज गुप्ता भी घायल हुआ था। उसका उपचार चल रहा है। तिहरे हत्याकांड के बाद कस्बे में तनाव की स्थिति बन गई थी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाईं और मृतक अंकित के भाई रोहित गुप्ता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की थी। तहरीर के मुताबिक, घटना से तीन दिन पहले मोहित और अंकित की कौशल गुप्ता से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि उस समय वंश मिटा देने की धमकी दी गई थी। इसी रंजिश के चलते 12 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे आरोपी अपने साथियों के साथ दुकान के सामने पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाइसेंसी राइफल, तमंचे और बांकों से हमला कर दिया।

प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही पुलिस

तहरीर में कौशल गुप्ता पर अंकित को गोली मारने और संतोष कुमार गुप्ता पर मोहित को गोली मारने का आरोप लगाया गया है। वहीं, हर्षित और रचित पर ओम व संचित पर रोज के सिर पर बांके से हमला करने का आरोप है। पुलिस मुकदमे में लगाए गए आरोपों और घटना के दौरान प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को जेल भेजा गया है। अन्य से पूछताछ जारी है। पुलिस बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

यह भी पढ़ें: दूसरी तिमाही में ऑटो बिक्री 18.2 प्रतिशत बढ़कर 83.88 लाख यूनिट हुई