मुंगेर में 15 करोड़ की लागत से बनेंगे तीन आउटडोर स्टेडियम, युवाओं को मिलेंगी बेहतर खेल सुविधाएं
मुंगेर: तारापुर विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक सम्राट चौधरी के प्रयास से विधानसभा क्षेत्र के तीनों प्रखंडों में आउटडोर स्टेडियम निर्माण की योजनाओं को मंजूरी मिली है। करीब 14.93 करोड़ रुपये की लागत से हवेली खड़गपुर, संग्रामपुर और टेटियाबंबर में आधुनिक खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।
मुंगेर में तीन जगह करीब 15 करोड़ से बनेंगे आउटडोर स्टेडियम
स्वीकृति के अनुसार, हवेली खड़गपुर प्रखंड के हरि सिंह महाविद्यालय परिसर में 499.72 लाख रुपये, संग्रामपुर प्रखंड के नवगांव दुर्गा मंदिर के समीप 499.97 लाख रुपये और टेटियाबंबर प्रखंड के धौरी में 493.61 लाख रुपये की लागत से आउटडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। बताया गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रत्येक माह लगभग तारापुर पहुंचकर लोगों से मिलते हैं और क्षेत्र की समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी लेते हैं। लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया चल रही है।
तीन स्टेडियम से ग्रामीण युवाओं को मिलेंगी खेल सुविधाएं
तीनों प्रखंडों में स्टेडियम की स्वीकृति को भी इसी पहल का हिस्सा माना जा रहा है। स्टेडियम बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। खेल विभाग की स्वीकृति के अनुसार निर्माण कार्य बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, पटना के माध्यम से कराया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद तीनों स्टेडियम जिला पदाधिकारी, मुंगेर को सौंपे जाएंगे।
ये भी पढ़ें- एक सप्ताह से लापता 100 वर्षीय रामसेवक बाबा का नर्मदा नदी में मिला शव