बहराइच जिले में लगातार हो रही बारिश और आंधी-तूफान

बहराइच में बारिश और आंधी-तूफान का कहर, अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की मौत

Three people died in separate rain and storm-related incidents in Bahraich, severely disrupting normal life

बहराइच (उप्र):  बहराइच जिले में लगातार हो रही बारिश और आंधी-तूफान के कारण अलग-अलग तहसीलों में तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

नदियों का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ का खतरा

नेपाल एवं उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों और जिले में हो रही भारी बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने से कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, महसी तहसील में पांच वर्षीय बच्चे, कैसरगंज में 42 वर्षीय महिला और नानपारा में 62 वर्षीय एक व्यक्ति की प्रतिकूल मौसम के कारण मौत हो गई।

परिजनों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश

जिलाधिकारी (डीएम) राजेश कुमार पाण्डेय ने उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को 48 घंटे के भीतर नियमानुसार कार्रवाई कर मृतकों के परिजन को अनुमन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार दौरा करने और नदियों के जलस्तर पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

लोगों को पानी में न उतरने की सलाह

उन्होंने जलभराव या बाढ़ की स्थिति में प्रभावित होने वाले लोगों की हरसंभव मदद करने तथा लोगों को अनावश्यक रूप से पानी में न उतरने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के लिए जागरूक करने को भी कहा है। भारी बारिश से जहां पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां टैंकरों से पानी पहुंचाने के निर्देश नगर निकायों के अधिकारियों को दिए गए हैं।

कक्षा 8 तक के स्कूलों में छुट्टी

इससे पूर्व जिला प्रशासन के एहतियाती निर्देशों के तहत नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में शनिवार को छुट्टी घोषित की गई थी।

ये भी पढ़ें: अमरिंदर सिंह बोले- भाजपा को अपने विचार बताना मेरा कर्तव्य, पार्टी छोड़ने का सवाल नहीं