अमेठी में तीन साल की बच्ची को उठाकर पटका, हालत सामान्य
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जिले के अमेठी कस्बे में गुरुवार शाम घर के बाहर खेल रही तीन साल की बच्ची को एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति ने उठाकर पटक दिया। घटना में बच्ची घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी पास के नाले में कूद गया। स्थानीय लोगों ने उसे कड़ी मशक्कत के बाद नाले से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार बच्ची की हालत सामान्य
पुलिस के अनुसार, बच्ची की हालत सामान्य है। वहीं, नाले से निकाले गए व्यक्ति को पुलिस निगरानी में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के गंगागंज मोहल्ले का है। जानकारी के अनुसार, इसी थाना क्षेत्र के पूरे शिवलाल मजरे दरखा गांव निवासी शिवा दुबे परिवार के साथ गंगागंज मोहल्ले में किराये के मकान में रहते हैं। वह वाहन चालक हैं। गुरुवार शाम करीब छह बजे उनकी तीन वर्षीय बेटी शिवांगी दुबे घर के बाहर खेल रही थी।
संतोष प्रकाश ने बच्ची को उठाकर पटका
इसी दौरान वहां से गुजर रहे संतोष प्रकाश निवासी ठगरिया, बिहार ने बच्ची को उठाकर पटक दिया। अचानक हुई इस घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो बच्ची घायल अवस्था में मिली। घटना के बाद संतोष प्रकाश पास में स्थित नाले में कूद गया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली के एसएचओ शिवाकांत त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मदद से बच्ची को अमेठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
नाले में कूदा व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ
उधर, नाले में कूदे व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी निगरानी की जा रही है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ एक व्यक्ति ने बच्ची को चोट पहुंचाई है। बच्ची को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। संबंधित व्यक्ति को पुलिस निगरानी में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची की हालत सामान्य है। मौके पर स्थिति सामान्य बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः गया में दरोगा के दो बेटों को गोली मारने के मामले में बड़ा एक्शन, पुलिस मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल