बेड के नीचे छिपे TMC नेता, पश्चिम बंगाल में ये क्या!
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की सियासत ने ममता बनर्जी के राजनीतिक वजूद को बारूद के ढेर पर खड़ा कर दिया है। टीएमसी के भीतर लंबे समय से सुलग रही बगावत की चिंगारी ऐसी ज्वाला बन कर फूटी कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के पैरों तले उनकी सियासी जमीन खिसकने की नौबत आ गई। विधानसभा अध्यक्ष रथेंद्र बसु ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए टीएमसी के असंतुष्ट और बागी गुट को ही असली तृणमूल कांग्रेस के रूप में मान्यता देते हुए ऋतब्रता बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष घोषित कर दिया है। इसके बाद से ममता बनर्जी की पार्टी का टूटना पक्का माना जा रहा है। इस बड़े सियासी उलटफेर के बाद प्रदेश की राजनीति में हर पल नए सियासी ड्रामे का गवाह बन रहा है।
अब इस वीडियों को ध्यान से देखिए। जिसे बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। वीडियो TMC नेता शाहिदुल मिया का बताया जा रहा है। जिन्हें साफ तौर पर अपने बेड के नीचे छिपे हुए देखा जा सकता है।
क्या है पूरा मामला
TMC नेता शाहिदुल मिया पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी आवास योजना में घर दिलाने के नाम पर लोगों से 5 हजार से 20 हजार रुपये तक लिए थे। दावा किया जा रहा है कि इस तरह उन्होंने करीब 8 लाख रुपये जुटाए थे, लेकिन किसी को भी योजना का लाभ नहीं मिला। जिसकी वजह से बुधवार को बंड़ी संख्या में लोग उनके घर पर पहुंच गए थे। भीड़ बढ़ने पर शाहिदुल मिया अपने घर के एक कमरे में बिस्तर के नीचे छिप गये। हालात बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें वहां से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले गई। बताया जा रहा है कि शाहिदुल मियां कूचबिहार TMC नेता और सिविक वॉलंटियर है।
बीजेपी के आरोपों को पुख्ता कर रहा वीडियो
पश्चिम बंगाल की राजनीति में 'कट मनी' एक बड़ा मुद्दा रहा है, जिसे हालिया चुनावों में बीजेपी ने जोर-शोर से उठाया था और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ चुनावी मुद्दा बनाया था। 'कट मनी' का मतलब सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने या आवास, सड़क, मनरेगा जैसी योजनाओं में लाभार्थियों से कथित कमीशन वसूलना है। एसे में कथित कट-मनी विवाद को लेकर सामने आया टीएमसी नेता का ये वीडियो बीजेपी के आरोपों को पुख्ता कर रहा है, जो देशभर में चर्चा का विषय बन गया है।