नंदीग्राम उपचुनाव से पहले TMC में घमासान, अबू ताहेर ने ममता को फिर चुनाव लड़ने की दी चुनौती
कोलकाता (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस के भीतर ही सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अबू ताहेर ने मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को नंदीग्राम से दोबारा चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। ताहेर ने साफ कहा कि अगर पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाती है तो वह चुनाव लड़ने से इनकार कर देंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब 2021 में ममता बनर्जी खुद शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ नंदीग्राम से मैदान में उतरी थीं, तो अब किसी स्थानीय नेता को चुनाव में क्यों उतारा जाए।
ममता से फिर नंदीग्राम आने को कहा
ताहेर ने सवाल उठाया कि जब ममता बनर्जी ने खुद शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था, तो किसी स्थानीय नेता को उपचुनाव के मैदान में उतारने की जरूरत क्यों है। नंदीग्राम में 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे ताहेर ने कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस उन्हें उपचुनाव लड़ने के लिए कहती है तो वह इनकार कर देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने वर्षों से उनकी अनदेखी की है और अब उन्हें “बलि का बकरा” नहीं बनाया जाना चाहिए। ताहेर ने कहा, “ममता बनर्जी को नंदीग्राम उपचुनाव में आकर चुनाव लड़ना चाहिए। जब तृणमूल सत्ता में थी, तब वह चुनाव लड़ने के लिए आई थीं। अब मैं चुनाव क्यों लड़ूं?”
15 साल में मुझे क्या मिला?
उन्होंने कहा कि 2007 में भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के दौरान उन्होंने पूरी ताकत के साथ वाम मोर्चे के खिलाफ संघर्ष किया था। ताहेर ने कहा, “टीएमसी के सत्ता में रहने के 15 वर्षों के दौरान मुझे क्या मिला? इन 15 वर्षों में मुझे कभी भी टीएमसी का उम्मीदवार नहीं माना गया। मुझे अयोग्य समझा गया। फिर अब मुझे बलि का बकरा बनाने के लिए क्यों चुना जाना चाहिए?”
2021 में शुभेंदु के खिलाफ हारी थीं ममता
ताहेर ने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर उनका मानना है कि ममता बनर्जी को नंदीग्राम लौटना चाहिए। उन्होंने 2021 में यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और अपने पूर्व सहयोगी शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। यह पूछे जाने पर कि अगर पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहेगी तो क्या वह उम्मीदवार बनेंगे, ताहेर ने स्पष्ट रूप से कहा, “मैं इनकार कर दूंगा।”
बागी गुट ने भी ताहेर का समर्थन किया
तृणमूल के बागी गुट के प्रवक्ता रिजू दत्ता ने ताहेर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अबू ताहेर सही हैं। उन्हें अब चुनाव क्यों लड़ना चाहिए। यदि ममता बनर्जी चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं हैं तो उनके भतीजे और सभी कुछ जानने वाले राजनीतिज्ञ अभिषेक को ही चुनाव लड़ जाना चाहिए।”
6 अक्टूबर को उपचुनाव, 9 अक्टूबर को मतगणना
चुनाव आयोग ने राज्य की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव कराने की घोषणा की है। मतगणना 9 अक्टूबर को होगी। राज्य में इसी वर्ष हुए चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीटों से एक साथ चुनाव लड़ा था। वह दोनों सीटों पर विजयी रहे और उन्होंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया। बाद में शुभेंदु ने नंदीग्राम सीट छोड़ दी। रेजीनगर में उपचुनाव इसलिए कराया जा रहा है क्योंकि आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने यह सीट छोड़ दी और नवदा सीट अपने पास रखी।
यह भी पढ़ें: कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर पार, पेट्रोल पर 5 रुपये और डीजल पर 23 रुपये प्रति लीटर नुकसान