रीवा में 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरे मासूम को दो घंटे रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकाला
रीवा (मध्यप्रदेश)। रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चुआ में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ अपने घर के बाहर खेल रहा एक वर्षीय मासूम अचानक पिलर के लिए खोदे गए 10 फीट गहरे और महज 1 फीट चौड़े संकरे गड्ढे में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गोविंदगढ़ पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मासूम को सकुशल बाहर निकाल लिया।
आंगन में खेलते समय गड्ढे में गिरा बच्चा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुआ बाबू केवट का एक वर्षीय पुत्र शिवेंद्र केवट शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वह निर्माण कार्य के लिए खोदे गए पिलर के गहरे गड्ढे में समा गया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर परिजनों को घटना का पता चला, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना गोविंदगढ़ थाना प्रभारी अरविंद राठौर को दी।
समानांतर गड्ढा खोदकर निकाला बाहर
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरबिंद सिंह राठौड़ पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। गड्ढा बेहद संकरा होने के कारण बच्चे को सीधे खींचना मुमकिन नहीं था। ऐसे में पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए ग्रामीणों की मदद से उस गड्ढे के बगल में एक दूसरा समानांतर गड्ढा खोदना शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और सावधानीपूर्वक की गई खुदाई के बाद पुलिस टीम बच्चे तक पहुंचने में कामयाब रही और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। थाना प्रभारी अरविंद राठौर ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे हमें बच्चे के गड्ढे में गिरने की सूचना मिली थी। बिना वक्त गंवाए टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से बगल में गड्ढा खोदकर बच्चे को सकुशल बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को पूरी तरह स्वस्थ बताया है।
अस्पताल में कराया गया मेडिकल परीक्षण
गड्ढे से बाहर निकालने के तुरंत बाद पुलिस सुरक्षा में मासूम को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों की टीम ने उसका गहन मेडिकल परीक्षण किया। डॉक्टरों ने बच्चे को पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित घोषित किया है, जिसके बाद पुलिस ने उसे माता-पिता को सौंप दिया। दो घंटे तक चले इस जिंदगी और मौत के संघर्ष के बाद जब बच्चा सुरक्षित माँ की गोद में पहुंचा, तो परिजनों की आँखों से आंसू छलक पड़े। परिजनों ने तत्परता दिखाने के लिए गोविंदगढ़ पुलिस और ग्रामीणों का सहहृदय आभार व्यक्त किया है।
यह भी पढ़ें: कोरबा मेडिकल कॉलेज में बाइक चोर को खंभे से बांधकर बाउंसरों ने बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल