सिरोही के उथमन टोल प्लाजा पर ओवरलोड ट्रेलर का चाला

उथमन टोल प्लाजा पर दर्दनाक हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से टोलकर्मी की मौत

ट्रेलर की चपेट में आने से टोलकर्मी की मौत

सिरोही: ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर पालड़ीएम क्षेत्र के पास स्थित उथमन टोल प्लाजा पर दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक टोलकर्मी की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ताराराम मीणा के रूप में बताई गई है। जानकारी के अनुसार, टोल प्लाजा पर एक ओवरलोड ट्रेलर का चालान काटने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि चालान से नाराज ट्रेलर चालक ने टोलकर्मी ताराराम मीणा को हाथ से पकड़ लिया और चलते ट्रेलर के साथ घसीटने लगा। इसी दौरान टोलकर्मी वाहन से छूटकर ट्रेलर के नीचे आ गए।

हादसे में टोलकर्मी की मौत

हादसे में ताराराम मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और टोल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घायल टोलकर्मी को तत्काल उपचार के लिए सिरोही ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को पाली जिले के जार्डन टोल के पास से जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

मुआवजे की मांग पर परिजनों और टोल अधिकारियों में हुआ समझौता

हादसे के बाद मृतक के परिजन और समाज के लोग भी टोल प्लाजा पर पहुंचे। परिजनों की ओर से मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर टोल अधिकारियों से बातचीत की गई। मौके पर स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी भी रही। इस मामले में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने भी मध्यस्थता की। इसके बाद मृतक के परिजनों और टोल अधिकारियों के बीच बातचीत हुई और समझौता होने की जानकारी सामने आई है।

हादसे के बाद टोलकर्मियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

उथमन टोल प्लाजा पर हुए इस हादसे के बाद टोलकर्मियों की सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों तथा घटनाक्रम को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

ये भी पढ़ें- ज़हरा पेज़ेश्कियन ने दिल्ली में ब्रिक्स बाज़ार और प्रधानमंत्री संग्रहालय का किया दौरा