के.डी. डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, मथुरा के पीडियाट्

माउथ मिरर युक्त टूथब्रश से बच्चों में बढ़ेगी बेहतर ओरल हाइजीन की आदत

Mouth Mirror Toothbrush

मथुरा। के.डी. डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, मथुरा के पीडियाट्रिक एवं प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बच्चों के लिए एक अनोखा माउथ मिरर युक्त टूथब्रश डिजाइन किया है। इस अभिनव डिजाइन को भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय से स्वीकृति मिल गई है और 10 जून को इसका पेटेंट प्रमाण-पत्र भी जारी कर दिया गया।

बचपन से अच्छी मौखिक स्वच्छता को मिलेगा बढ़ावा

डॉ. राजीव कुमार सिंह द्वारा विकसित यह टूथब्रश बच्चों में शुरुआती उम्र से ही बेहतर ओरल हाइजीन की आदत विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें लगाए गए माउथ मिरर की मदद से बच्चे और उनके अभिभावक आसानी से देख सकेंगे कि दांतों की सफाई सही तरीके से हुई है या नहीं।

संस्थान में खुशी का माहौल

इस उपलब्धि पर केडी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर समेत कॉलेज के विभिन्न विभागाध्यक्षों और अधिकारियों ने डॉ. राजीव कुमार सिंह को बधाई दी और इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

देश और प्रदेश के लिए गर्व की बात

कुलाधिपति डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि मौखिक स्वच्छता की शुरुआत बचपन से ही होनी चाहिए। बच्चों को कम उम्र से ही ब्रश करने की सही आदतें सिखाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार समय की आवश्यकता है और डॉ. राजीव कुमार सिंह के इस डिजाइन को पेटेंट मिलना प्रदेश और देश दोनों के लिए गर्व का विषय है।

ओरल केयर के क्षेत्र में महत्वपूर्ण नवाचार

कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने कहा कि माउथ मिरर युक्त टूथब्रश ओरल हेल्थ के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और अभिनव आविष्कार है। इससे बच्चों में ब्रश करने की आदत अधिक आसान और प्रभावी बनेगी। वहीं प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर ने कहा कि इस तकनीक से बच्चे और उनके माता-पिता आसानी से यह जांच सकेंगे कि मुंह के पिछले दांत ठीक से साफ हुए हैं या नहीं।

कैविटी रोकने और दांतों की सफाई में मिलेगी मदद

डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस डिजाइन का उद्देश्य दांतों की सफाई के दौरान आराम, सहयोग और कार्यक्षमता को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि माउथ मिरर की सहायता से दांतों के बीच फंसे भोजन के कणों का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा सकेगा और फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट के उपयोग से कैविटी की समस्या को रोकने में मदद मिलेगी।

बच्चों के लिए ब्रश करना बनेगा मजेदार अनुभव

डॉ. सिंह के अनुसार, यह मिरर टूथब्रश बच्चों के लिए दांत साफ करने जैसी सामान्य प्रक्रिया को एक रोचक और मजेदार गतिविधि में बदल देगा। इससे बच्चे स्वयं ब्रश करने के लिए प्रेरित होंगे और नियमित रूप से दांतों की सफाई की आदत विकसित कर सकेंगे।

यह भी पढ़े: अमेठी में आज कड़ी सुरक्षा के बीच होगी नीट परीक्षा, 913 अभ्यर्थी होंगे शामिल