हाथरस में ट्रैक्टर-कार की भीषण टक्कर, एक की मौत दो गंभीर रूप से घायल
हाथरस: सिकंदराराऊ क्षेत्र में एटा-अलीगढ़ जीटी रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरदला के पास धान से लदे ट्रैक्टर में पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार जा घुसी। हादसे में कार सवार करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, सोमवार 12 अक्टूबर को एटा की ओर से धान से लदा एक ट्रैक्टर एटा-अलीगढ़ जीटी रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही दिल्ली नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार सरदला के पास ट्रैक्टर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सिकंदराराऊ पुलिस और पीआरवी मौके पर पहुंच गई।
हादसे में एक की मौत, दो गंभीर घायल
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदराराऊ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने लालाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल कार चालक अविनेंद्र और आशीष को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हाथरस की मोर्चरी भिजवा दिया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। सुबह-सुबह हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
ये भी पढे़ं- गाजीपुर में कांग्रेस सांसद के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन