मध्य प्रदेश के मैहर जिले में नादन थाना क्षेत्र के

राहगीर को बचाने में खेत में पलटा खाद से भरा ट्रैक्टर, दो युवक गंभीर

Tractor Loaded with Fertilizer Overturns in Field to Avoid Pedestrian, Two Youths Injured

मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में नादन थाना क्षेत्र के जरमोहरा गांव के पास मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। खाद से लदा एक ट्रैक्टर अचानक सामने आए राहगीर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत दोनों घायलों को पलटे हुए ट्रैक्टर से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

खेत में खाद लेकर जा रहे थे दोनों

जानकारी के अनुसार, भटगवां गांव निवासी आनंद केवट (पिता रामलखन केवट) और उमेश दाहिया मंगलवार सुबह ट्रैक्टर में खाद लादकर खेत की ओर जा रहे थे। दोनों जरमोहरा गांव के पास पहुंचे ही थे कि अचानक एक व्यक्ति ट्रैक्टर के सामने आ गया। बताया जा रहा है कि पैदल जा रहे व्यक्ति को बचाने के लिए चालक ने अचानक ट्रैक्टर मोड़ दिया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गया।

ट्रैक्टर पलटते ही मची अफरा-तफरी

ट्रैक्टर के खेत में पलटते ही तेज आवाज हुई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव का काम शुरू किया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दोनों युवक ट्रैक्टर के नीचे फंस गए थे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हालत गंभीर, सतना जिला अस्पताल रेफर

अस्पताल में दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है। हादसे में ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना की वजह अचानक ट्रैक्टर के सामने आए व्यक्ति को बचाने का प्रयास माना जा रहा है। हालांकि, हादसे की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। नादन थाना पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: बिजनौर में 2 दिन से लापता पति-पत्नी के शव जंगल में मिले, पेड़ पर फंदे से लटका मिला पति