अमदरा में दर्दनाक सड़क हादसा, कुत्ते को बचाने के चक्कर में पलटा ट्रैक्टर; चालक की मौत और तीन घायल
मैहर (मध्य प्रदेश)। अमदरा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर पर सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा ग्राम टिसकिली कला के पास धनवाही-नयाखेड़ा मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाया, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार के साथ उरदानी जा रहा था चालक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टिसकिली कला निवासी दुर्गेश सिंह गोंड (24) ने अमदरा थाने में घटना की सूचना दी। बताया गया कि उनके पिता नारायण सिंह गोंड के नाम पर पंजीकृत ट्रैक्टर से उनके बड़े भाई सुशील सिंह गोंड परिवार के सदस्यों को लेकर उरदानी की ओर जा रहे थे। सोमवार शाम करीब 5:15 बजे ट्रैक्टर धनवाही और नयाखेड़ा के बीच पहुंचा था। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक सुशील सिंह ने अचानक ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने से ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गया।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत
ट्रैक्टर पलटते ही चालक सुशील सिंह उसके नीचे दब गए। उन्हें सिर में गंभीर चोट आई, जिसके कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया।
डायल-112 और 108 की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला गया। वहीं हादसे में घायल तीन अन्य लोगों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमदरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। अमदरा पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और दुर्घटना की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है|
यह भी पढ़ेंः सोशल मीडिया पर लाइक्स के लिए स्टंट करना पड़ा भारी, रीवा-सीधी टनल के पास बाइक सवार युवक का एक्सीडेंट