औरंगाबाद में सड़क हादसा: अज्ञात ट्रक की टक्कर से युवक की मौत
औरंगाबाद (बिहार)। बारुण थाना क्षेत्र के बरुआ पुल के समीप बुधवार की रात सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान आजाद बिगहा गांव निवासी शिवपूजन पासवान के पुत्र प्रदीप कुमार के रुप में हुई है। हादसे के बाद चालक अज्ञात ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार जरुरी दवा खरीदकर अपने घर लौट रहा था।
सड़क पार करने के क्रम में हुआ हादसा
इसी दौरान बरुआ पुल के पास सड़क पार करने के क्रम में तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया।
मृतक के परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग
ग्रामीणों ने मृतक के आश्रित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने तथा बरुआ पुल के पास पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए ओवरब्रिज निर्माण कराने की मांग की। सूचना मिलने पर बीडीओ नीरज कुमार, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार एवं नगर पंचायत के उप चेयरमैन सरोज यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्वजनों और ग्रामीणों को समझाया तथा सरकारी स्तर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसा: टायर चेक कर रहे ट्रक चालक की कंटेनर की टक्कर से मौत