बहराइच में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौत; दूसरा गंभीर घायल
बहराइच: श्रावस्ती के बहराइच-बलरामपुर नेशनल हाईवे-730 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के बुडनी निवासी 27 वर्षीय संदीप की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार अखिलेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बलरामपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अखिलेश कुमार का उपचार शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलने पर इकौना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मृतक संदीप के शव को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे में शामिल अज्ञात वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
युवक की मौत से परिवार में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा है। घर लौट रहे युवक की अचानक मौत से परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ये भी पढ़ें: माउंट आबू में इलेक्ट्रॉनिक कांटे से हेराफेरी, गुस्साए लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ा; जमकर की धुनाई