गंगा एक्सप्रेसवे पर बहराइच-जालंधर बस हादसा, पलटी बस के यात्रियों को ट्रक ने कुचला; 2 की मौत, 24 घायल
बहराइच,(उत्तर प्रदेश)। जिले से जालंधर जा रही बस का गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बहजोई इंटरचेंज से बदायूं की ओर करीब दो किलोमीटर आगे जालंधर जा रही एक निजी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 150 यात्रियों में से 24 लोग घायल हो गए।
दर्दनाक घटना में दो यात्रियों की मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कुछ यात्री बस से निकलकर एक्सप्रेसवे पर बैठ गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना में दो यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों की पहचान पीरू (निवासी गोंडा) और नेहा (निवासी गाजीपुर, बहराइच) के रूप में हुई है। वहीं, नेहा के परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी हादसे में घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे का कारण चालक को झपकी आना
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना और बस का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: गंगा के उफान से रायबरेली में तबाही, डलमऊ कटरी क्षेत्र में सैकड़ों बीघा फसलें जलमग्न