पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नुनेरा में शुक्

तालाब में डूबने से 3 मासूम सहेलियों की दर्दनाक मौत; गांव में पसरा मातम

Tragic deaths of 3 young girls due to drowning in pond

कोरबा {छत्तीसगढ़}: पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नुनेरा में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां तालाब में नहाने गईं तीन मासूम सहेलियों की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्कूल न जाकर तालाब पहुंचीं मासूम सहेलियां

मिली जानकारी के अनुसार, नुनेरा की एक ही बस्ती में रहने वाली तीन बच्चियां- इंदु (7 वर्ष), राखी (8 वर्ष) और साधना (8 वर्ष)- स्कूल न जाकर गांव के ही अलगू तालाब में नहाने पहुंच गईं। नहाते समय वे गहरे पानी की चपेट में आ गईं और एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों दलदल व गहरे पानी में समा गईं। काफी देर तक जब बच्चियां घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। तालाब किनारे उनके कपड़े और चप्पल मिलने पर ग्रामीणों ने पानी में खोजबीन शुरू की। घंटों की भारी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों के शव पानी से बाहर निकाले जा सके।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। तीनों मासूमों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

ये भी पढ़ें: लेमरू के चराईझुन झरने के पास मिला ग्रामीण का शव, नहाने के दौरान 30 फीट नीचे गड्ढे में फंसा