भीमसागर क्षेत्र में पातला पीर दरगाह के समीप शनिवार

भीमसागर में दर्दनाक सड़क हादसा: 3 की मौत, 4 घायल

Tragic Road Accident in Bhim Sagar: 3 Killed, 4 Injured

झालावाड़ (राजस्थान)। जिले के भीमसागर क्षेत्र में पातला पीर दरगाह के समीप शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के बीच एक निजी बस अनियंत्रित होकर नीचे आ गई और वहां खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों का झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल और खानपुर अस्पताल में उपचार जारी है।

ढलान पर बस अनियंत्रित होकर नीचे की ओर आ गई

जानकारी के अनुसार निजी बस पातला पीर से वापस लौट रही थी। ढलान पर बस अनियंत्रित होकर नीचे की ओर आ गई और वहां खड़े आधा दर्जन से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर सारोला थाना प्रभारी बुद्धाराम चौधरी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई।

खानपुर में एक, झालावाड़ में दो की मौत

हादसे में रामगंजमंडी निवासी हामिद खान को खानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान उसकी मौत हो गई। उसका शव खानपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं चार घायलों को झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के दौरान रेहान (20) पुत्र फारूक, निवासी रामगंजमंडी और तालिब पुत्र अकील, निवासी रामगंजमंडी की मौत हो गई। वहीं अल्फेज (25) पुत्र फिरोज, निवासी गोविंद नगर, कोटा गंभीर हालत में उपचाराधीन है।

घायलों की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे अधिकारी

घायलों के एसआरजी अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही सीएमएचओ डॉ. साजिद खान, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय पोरवाल और डिप्टी हर्षराज खेरेड़ा समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों की स्थिति की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। 

यह भी पढ़ेंः रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, दो की मौत, एक गंभीर