मोतिहारी में दो ट्रकों, एक स्कॉर्पियो और एक बाइक क

मोतिहारी में एनएच-28ए पर दर्दनाक सड़क हादसा: बहु-वाहन भिड़ंत में ट्रक चालक की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल

Tragic Road Accident on NH-28A in Motihari

मोतिहारी (बिहार)। एनएच-28ए पर छतौनी थाना क्षेत्र के चंडी माई स्थान के समीप बुधवार देर रात  एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बहु-वाहन भिड़ंत की चपेट में दो ट्रक, एक स्कॉर्पियो और एक बाइक समेत कई वाहन आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दो ट्रकों में आमने-सामने की टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद पीछे से आ रही अन्य गाड़ियां भी नियंत्रण खोकर आपस में भिड़ गईं। दुर्घटना के बाद एनएच-28ए पर करीब दो घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम लग गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही बंजरिया सीओ कृष्ण प्रताप सिंह, नगर थाना और छतौनी थाना की पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू रूप से बहाल कराया गया।

मृतक की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि

मृतक की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के जटवा गांव निवासी मेराजुल हक के 25 वर्षीय पुत्र आफताब आलम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि आफताब बुधवार शाम करीब 4 बजे घर से ट्रक लेकर निकला था। वह स्वयं ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी महज दो साल पहले सुगौली थाना क्षेत्र के मधुमालती गांव में शादी हुई थी और उसकी एक साल की एक मासूम पुत्री भी है। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घायल हुए लोगों को इलाज जारी

हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल सहित शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। समाचार प्रेषण तक घायलों के नाम व पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई थी। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ेंः समस्तीपुर: विवेक विहार मोहल्ले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 101 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार