सुपौल में दर्दनाक हादसा, कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने कुचला; 5 की मौत
सुपौल {बिहार}। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कटैया चौक के समीप NH-327E पर सड़क किनारे कीर्तन कर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें इलाज के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में अब तक कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
झूलन पूजा के दौरान हो रहा था कीर्तन
जानकारी के अनुसार, कटैया चौक के पास सड़क किनारे झूलन पूजा के मौके पर कुछ लोग कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार अनियंत्रित हो गई और कीर्तन कर रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तीन की मौके पर मौत
दुर्घटना में तिलो दास, राजो दास और सुरेन्द्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल भुवनेश्वरी यादव और कृष्णा साह को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस तरह घटना में अब तक कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
एक घायल को हायर सेंटर रेफर
हादसे में घायल रामचंद्र यादव को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद घायलों के इलाज को लेकर अस्पताल में भी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हादसे की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया। इससे NH-327E पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और जाम हटाने की कोशिश शुरू की।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही देर रात अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ और परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने सुपौल सदर अस्पताल में भी जमकर हंगामा किया।
डीएम और एसपी ने लिया जायजा
सदर अस्पताल में हंगामे की सूचना के बाद डीएम सावन कुमार और एसपी सरथ आरएस मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। वहीं, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक की बॉडी से लटका मिला चालक का शव, जांच में जुटी पुलिस