चालक को झपकी आने से अनियंत्रित हुआ ट्रेलर, हादसे में मौत; परिजनों ने की FIR और मुआवजे की मांग
सिंगरौली: जिले के जयंत चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली खदान में रेफेक्स कंपनी के परिसर में एक सड़क हादसा सामने आया है। यहां कोयले का परिवहन करने वाले ट्रेलर को चला रहे 30 वर्षीय चालक यादव नन्दन कुशवाहा की मौत हो गई। वह भकुआर के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण ट्रेलर अनियंत्रित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ। हादसा होने के बाद मौके पर मौजूद अन्य चालकों ने सूझबूझ दिखाते हुए घायल ट्रेलर चालक यादव नन्दन कुशवाहा को काफी मशक्कत के बाद वाहन से बाहर निकाला। इसके तुरंत बाद उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर से अस्पताल में जुटी भीड़
चालक की मौत की खबर मिलते ही नेहरू अस्पताल में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अन्य चालक एकत्रित हो गए। परिजनों और समर्थकों में आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने मांग की है कि संबंधित ट्रांसपोर्टर के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही विंध्यनगर पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, कंपनी और ट्रांसपोर्टर की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें: गोरखपुर में त्योहारों की व्यस्तता के बीच जनता दर्शन में पहुंचे सीएम योगी, 200 लोगों की सुनीं समस्याएं