सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, डिवाइडर तोड़कर नीचे उतरा ट्रेलर
सुल्तानपुर: दोस्तपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा हो गया। खालिसपुर दुर्गा गांव के पास किलोमीटर संख्या 156 के पास करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे उतर गया। ट्रेलर करीब 100 मीटर तक डिवाइडर को क्षतिग्रस्त करता चला गया। हादसे में चालक केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद केबिन काटकर उसे बाहर निकाला जा सका।
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे में घायल चालक की पहचान जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी दान बहादुर विश्वकर्मा के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दोस्तपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 24 GD 3502 है। हादसे के बाद केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे चालक को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलते ही दोस्तपुर थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की यूपीडा (UPEIDA) टीम को भी बुलाया गया।
एक घंटे के रेस्क्यू के बाद चालक को सुरक्षित निकाला गया
पुलिस और बचाव दल ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस से उसे अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक तौर पर ट्रेलर के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं पाई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल की स्थिति और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें- मोतिहारी के इंस्पेक्टर धनंजय कुमार को मिला केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, बिहार पुलिस का बढ़ाया मान